छत्तीसगढ़

जांजगीर में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन को लेकर हाई लेवल बैठक

22 दिसंबर को खोखरा पुलिस ग्राउंड में होगी 50 हजार से अधिक लोगों की भव्य जनसभा

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले में 22 दिसंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आगमन को लेकर भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, जनसहभागिता, यातायात प्रबंधन एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

“जनादेश पर्व” के रूप में मनाया जाएगा कार्यक्रम

सुबह 11 बजे जांजगीर के खोखरा पुलिस ग्राउंड में 50 हजार से अधिक की क्षमता वाले विशाल मैदान में नड्डा एक भव्य आमसभा को संबोधित करेंगे। यह आयोजन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जनादेश पर्व” के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री नड्डा करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे।

शहर को सजाने की जिम्मेदारी युवा मोर्चा को: कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए शासन-प्रशासन एवं भाजपा संगठन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जांजगीर शहर को भगवामय स्वरूप देने की जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा को सौंपी गई है।

शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद: इस ऐतिहासिक जनसभा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश चौधरी, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, निगम-मंडल अध्यक्ष, संभाग एवं जिला प्रभारी, सभी जिलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही महतारी दीदी कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ी संख्या में महिलाएं एवं जिले भर से हजारों भाजपा कार्यकर्ता जनसभा में शामिल होंगे।

बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा ने कहा कि जेपी नड्डा का जांजगीर आगमन पूरे संभाग के लिए गौरव का विषय है। विष्णुदेव साय सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियां इस जनसभा में उत्सव के रूप में सामने आएंगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि जनादेश पर्व सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ जनता के विश्वास का प्रतीक है। जेपी नड्डा का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देगा।

खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि सरकार के नेतृत्व में खनिज, उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जिनका लाभ प्रदेश को मिल रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल ने कहा कि भाजपा सरकार ने दो वर्षों में स्थिरता, पारदर्शिता और सुशासन का नया मॉडल प्रस्तुत किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने कहा कि जांजगीर जिला इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है और यह कार्यक्रम जिले के विकास व संगठन की मजबूती का प्रतीक बनेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button