BREAKING NEWS: झारखंड चाईबासा के जंगलों में भीषण मुठभेड़, 10 से अधिक नक्सलियों के ढेर होने की आशंका

झारखंड। राज्य के चाईबासा में गुरुवार सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। यह मुठभेड़ पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल के कुमडी क्षेत्र में चल रही है, जो किरीबुरू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
कोबरा बटालियन 209 का बड़ा ऑपरेशन: नक्सलियों के खिलाफ चल रहे इस बड़े ऑपरेशन में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन 209 के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में कई नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ शुरू हुई।
10 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, अब तक 10 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। सर्चिंग पूरी होने के बाद मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। कुछ बड़े नक्सली लीडरों के भी मारे जाने की खबरें सामने आ रही हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। माइकल राज, आईजी (ऑपरेशंस) ने कहा कि मुठभेड़ अभी समाप्त नहीं हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अब तक सुरक्षा बलों को कोई नुकसान नहीं
ताजा जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की ओर से किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं और पूरा क्षेत्र कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन के तहत घेर लिया गया है। जैसे ही ऑपरेशन समाप्त होगा, आधिकारिक आंकड़े और विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।




