Jashpur New RailLine: पहली बार रेल मानचित्र पर दिखेगा जशपुर, धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन को केंद्र सरकार की मंजूरी

भारत राजपत्र में प्रकाशित हुई अधिसूचना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना की अधिसूचना भारत राजपत्र में प्रकाशित हो गई है। केंद्र सरकार द्वारा 291 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना को अधिसूचित किए जाने के बाद क्षेत्र में रेल संपर्क का रास्ता साफ हो गया है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद जशपुर जिले का पत्थलगांव क्षेत्र पहली बार भारतीय रेल के मानचित्र पर दिखाई देगा। लंबे समय से क्षेत्र के लोगों द्वारा रेल सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे अब बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार 291 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन परियोजना में छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ और पत्थलगांव को झारखंड के लोहरदगा से जोड़ा जाएगा। इससे न केवल यात्री सुविधाओं में विस्तार होगा, बल्कि व्यापार, उद्योग, शिक्षा और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का गृह जिला जशपुर है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश में रेलवे परियोजनाओं को गति देने की मांग की थी। इसके बाद इस परियोजना की अधिसूचना जारी होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नई रेल लाइन के निर्माण से जशपुर सहित आसपास के आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।




