छत्तीसगढ़

केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम : CM विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 को भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट है, जिसमें समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को केंद्र में रखा गया है। बजट के तीन प्रमुख स्तंभ—आर्थिक विकास व रोजगार वृद्धि, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास’—देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को इस बजट का सीधा और व्यापक लाभ मिलेगा।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती

बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। एआई और आधुनिक तकनीक से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योगों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

युवाओं के लिए रोजगार और अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप, MSME, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय आर्थिक विकास तेज होगा और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही अवसर मिलेंगे। विदेश यात्रा और विदेशों में शिक्षा भी पहले की तुलना में सस्ती होगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल

स्वास्थ्य को लेकर बजट को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज सहित गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य, आयुर्वेद और मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच रीजनल हब की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और रोजगार भी बढ़ेगा।

महिला सशक्तिकरण, उद्योग और राहत

लखपति दीदी योजना के विस्तार, हर जिले में कन्या छात्रावास, 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 जलमार्ग, सेमीकंडक्टर मिशन में 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश, कर सुधार और रोजमर्रा की वस्तुओं के सस्ते होने से आम जनता को सीधी राहत मिलेगी।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button