छत्तीसगढ़

जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बस पलटी, 6 यात्रियों की मौत, 9 गंभीर घायल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की थी, जिसमें दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुआ। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। हादसे में घायल यात्रियों को उपचार के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। मौके पर एम्बुलेंस भेजी गई और राहत कार्य तेज कर दिया गया।वहीं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button