ताड़मेटला नक्सली हमले मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

बिलासपुर। ताड़मेटला नक्सली हमला मामले में हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपियों को बरी किए जाने के निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा है।वर्ष 2010 में हुए इस भीषण नक्सली हमले में 76 जवान शहीद हुए थे, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। मामले में राज्य सरकार द्वारा दायर अपील पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि जांच एजेंसियां आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त और ठोस सबूत पेश करने में असफल रहीं।
अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि केवल शक या संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति को दोषी ठहराकर सजा नहीं दी जा सकती। हाईकोर्ट ने यह भी माना कि अभियोजन पक्ष आरोपों को प्रमाणित करने के लिए आवश्यक कानूनी कसौटियों को पूरा नहीं कर पाया।
गौरतलब है कि जिला अदालत ने पहले ही सबूतों के अभाव में आरोपियों को बरी कर दिया था। अब हाईकोर्ट ने भी राज्य सरकार की अपील खारिज करते हुए उस फैसले को यथावत रखा है।




