छत्तीसगढ़

पीएम मोदी की अपील पर दीपक बैज का हमला, बोले – यह उपदेश नहीं नाकामी का संदेश

रायपुर। प्रधानमंत्री द्वारा लोगों से डीजल-पेट्रोल की खपत कम करने और सोना नहीं खरीदने की अपील पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह कोई उपदेश नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी का संदेश है।

दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद स्वीकार कर लिया है कि देश में महंगाई चरम पर है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में कोरोना काल जैसी आर्थिक स्थिति बन सकती है। बैज ने कहा कि यही बातें Rahul Gandhi कई वर्षों से कहते आ रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने कभी गंभीरता से नहीं लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब केंद्र सरकार अपनी नाकामी का ठीकरा जनता पर फोड़ रही है। बैज ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री को जनता से माफी मांगनी चाहिए।इसके साथ ही दीपक बैज ने सुशासन तिहार को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले से कहती रही है कि यह केवल टाइम पास और नौटंकी है, अब इसकी सच्चाई भी सामने आने लगी है। बैज ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के लिए लोग अधिकारियों के चरणों में दंडवत हो रहे हैं और सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अधिकारियों को धमका रही है।

अवैध और नकली शराब के मुद्दे पर भी पीसीसी चीफ ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अवैध और नकली शराब बिक रही है। बैज ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस यह मुद्दा उठाती थी तो सरकार राजनीति करने का आरोप लगाती थी, लेकिन अब सरकार के विधायक और मंत्री भी यही बात कह रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के संरक्षण में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है और इससे अवैध कमाई की जा रही है।

वहीं गुजरात के सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित अमृत उत्सव को लेकर भी बैज ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान सोमनाथ सभी के हैं और मंदिर का जीर्णोद्धार कांग्रेस शासनकाल में हुआ था। बैज ने सवाल उठाया कि छत्तीसगढ़ में माता कौशल्या मंदिर का जीर्णोद्धार कब होगा और भगवान राम की नई मूर्ति कब स्थापित की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राम नाम की राजनीति करती है और चुनाव नजदीक आते ही भाजपा को भगवान याद आने लगते हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search