संत कबीर के संदेश से समाज को नई दिशा मिलेगी: राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री साय ने बिजली बिल योजना बढ़ाने की घोषणा

संत कबीर के संदेश से समाज को नई दिशा मिलेगी: राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री साय ने बिजली बिल योजना बढ़ाने की घोषणारायपुर, 29 जून 2026। राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लिया तथा आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक चुनौतियों के बीच संत कबीर की शिक्षाएं पहले से अधिक प्रासंगिक हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनके विचार आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे तथा समरसता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक पूरे हो चुके हैं। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास के नए दौर का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है। साथ ही उन्होंने नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विस्तारित अवधि में उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिल जमा कर सकेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संत कबीर के विचारों को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, सेवा और सद्भाव का मार्ग दिखाया, जिसे अपनाकर समाज और राष्ट्र का कल्याण संभव है।



