
रायपुर। करोड़ों रुपए की जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में FIR दर्ज होने के बाद सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की मैनेजिंग डायरेक्टर Sangeeta Ketan Shah ने दंतेवाड़ा में DSP के पदस्थ पुलिस अधिकारी Vishal Son पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
गिरफ्तारी की आशंका के बीच संगीता शाह ने अखबार में जारी सार्वजनिक सूचना के जरिए दावा किया है कि विशाल सोन ने ब्लैकमेलिंग और साजिश के जरिए कंपनी की चल-अचल संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश की।संगीता शाह के मुताबिक, वर्ष 2013-14 में विशाल सोन दुर्ग जिले में थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विशाल सोन ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से करीबी संबंध होने का हवाला देकर वैशाली नगर विधानसभा सीट से भाजपा टिकट दिलाने का भरोसा दिलाया और इस नाम पर कई बार पैसे भी लिए।
शाह ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान विशाल सोन ने फर्जी मेडिकल लीव लेकर चुनाव प्रचार और रैलियों में सक्रिय भूमिका निभाई। कंपनी के आंतरिक मामलों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कंपनी के विवाद सुलझाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में अपने करीबी लोगों के साथ मिलकर कंपनी की संपत्तियों को विवादित करने और कब्जा करने की साजिश रचने लगे।
आरोपों के अनुसार पुलगांव स्थित जमीन, कोहका-जुनवानी की भूमि, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, कंपनी के वाहन और अन्य संपत्तियों को निशाना बनाया गया। संगीता शाह ने कहा कि उन्होंने 6 फरवरी 2026 को पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
संगीता शाह ने दावा किया कि विशाल सोन बड़े अधिकारियों, नेताओं और मंत्रियों से संबंध होने की बात कहकर कंपनी बंद करवाने और सड़क पर लाने की धमकी देते रहे, जिससे वे मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजर रही हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस या विशाल सोन की ओर से सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




