रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, CM साय ने किया आत्मीय स्वागत

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah आज तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
गृहमंत्री अमित शाह का यह दौरा बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा, विकास और नक्सल उन्मूलन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दौरे के दौरान वे 18 मई को बस्तर संभाग में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, नेतानार स्थित सुरक्षा केंद्र को अब जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इस पहल के तहत सुरक्षा कैंपों में अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत सुविधाएं शुरू की जाएंगी, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
दौरे के दौरान मुख्य सचिव द्वारा बस्तर के विकास कार्यों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रही योजनाओं को लेकर गृहमंत्री शाह के समक्ष विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। इसके अलावा वे शहीद जवानों के परिजनों, नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों तथा नक्सल उन्मूलन की दिशा में कार्य कर रहे विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
गृहमंत्री अमित शाह 19 मई को आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों के मुख्यमंत्री भाग लेंगे, जहां क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा और अंतरराज्यीय समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।




