Kachna ROB Inauguration: राजधानी रायपुर को बड़ी सौगात, CM साय ने किया कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण, 3 लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

रायपुर। लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को आज बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही 22.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और कचना रेलवे ओवरब्रिज इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कचना रेलवे फाटक में वर्षों से लोगों को जाम और आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब ओवरब्रिज शुरू होने से नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को केंद्र सरकार की केंद्रीय सड़क निधि योजना के अंतर्गत स्वीकृति मिली थी। उन्होंने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए बधाई दी।
48.78 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज की लंबाई 787 मीटर और चौड़ाई 13 मीटर है। इसके निर्माण से कचना, खम्हारडीह और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही बिलासपुर और बलौदाबाजार की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यातायात आसान होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं और विकास कार्यों का फीडबैक ले रही है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार लगातार सड़क, पुल और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
इस दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




