बेमेतरा में पीएम आवास पर चला बुलडोजर, विरोध में महिला ने खुद को लगाई आग, गांव में तनाव

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के खुरुसबोड़ गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद विवाद खड़ा हो गया। सरपंच और राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान परिवार ने जमकर विरोध किया, वहीं मकान में रह रही एक महिला ने आत्मदाह की कोशिश कर हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के अनुसार गांव में तालाब की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत संबंधित मकान को तोड़ा गया। ग्राम पंचायत की ओर से दावा किया गया कि मकान तालाब की जद में आ रहा था, जिसके कारण प्रशासनिक कार्रवाई करनी पड़ी। हालांकि इस पूरे मामले में अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जमीन तालाब की श्रेणी में थी, तो फिर उसी स्थान पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की स्वीकृति कैसे दी गई। मामले को लेकर ग्रामीणों और प्रभावित परिवार ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी बीच मकान में रह रही महिला ने कथित तौर पर आत्मदाह की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों और अधिकारियों ने स्थिति को संभाला।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले की जांच और दस्तावेजों की समीक्षा की बात कही जा रही है। वहीं ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।




