
Bhilai में हुई एक करोड़ रुपए की बड़ी चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सरगना नासिर हुसैन को क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर करीब 300 किलोमीटर तक पीछा किया।
जानकारी के मुताबिक, गिरोह ने भिलाई के नेहरू नगर इलाके में करोड़ों रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी क्राइम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने करीब 15 दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में कैंप कर आरोपियों की तलाश की।
पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए बेहद गोपनीय तरीके अपनाए। टीम के कुछ सदस्य बकरी बेचने वाले तो कुछ जनगणना कर्मी बनकर इलाके में घूमते रहे, ताकि गिरोह की गतिविधियों और ठिकानों की जानकारी जुटाई जा सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी नासिर हुसैन के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए के जेवर, डेढ़ लाख रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की है। इससे पहले मामले में दो अन्य आरोपियों को मेरठ से गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह कई राज्यों में सक्रिय रहा है और अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। भिलाई में हुई इस बड़ी चोरी का खुलासा होने के बाद पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।




