छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बस किराया बढ़ाने की तैयारी, 25% तक वृद्धि संभव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल्द ही बस यात्रियों को महंगे सफर का सामना करना पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने बस किराए में बढ़ोतरी की मांग को लेकर परिवहन मंत्री से मुलाकात की है। महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती डीजल कीमतों और संचालन लागत के कारण वर्तमान किराए में बसों का संचालन करना मुश्किल होता जा रहा है।

यातायात संघ के अनुसार पिछले करीब पंद्रह दिनों में डीजल के दाम में लगभग 9 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे परिवहन व्यवसाय पर सीधा असर पड़ा है। बस संचालकों का कहना है कि ईंधन, मेंटेनेंस, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि किराए में अंतिम बार वर्ष 2021 में संशोधन किया गया था। ऐसे में वर्तमान परिस्थितियों में पुरानी दरों पर संचालन आर्थिक रूप से नुकसानदायक साबित हो रहा है।

महासंघ ने राज्य सरकार से बस किराए में करीब 25 प्रतिशत तक वृद्धि करने की मांग रखी है। परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक में संगठन के प्रतिनिधियों ने विस्तार से अपनी समस्याएं और बढ़ती लागत का ब्यौरा प्रस्तुत किया। अब परिवहन विभाग द्वारा प्रस्ताव पर विचार किए जाने की बात कही जा रही है।

यदि सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो इसका असर राज्यभर में यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों पर पड़ेगा। खासतौर पर रोजाना बसों से सफर करने वाले नौकरीपेशा लोग, छात्र और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है। फिलहाल सरकार की ओर से किराया वृद्धि को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन परिवहन विभाग जल्द निर्णय ले सकता है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search