सरगुजा ओलंपिक में अव्यवस्थाओं की खुली पोल, भूखे-प्यासे खिलाड़ियों को करना पड़ा बस का इंतजार

अंबिकापुर। सरगुजा ओलंपिक के आयोजन में बड़ी लापरवाही सामने आई है। गुरुवार को प्रतियोगिता में शामिल होने सीतापुर से पहुंचे खिलाड़ियों को घर वापसी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि खिलाड़ियों को भूखे ही बस का इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों को शाम के समय बस से रवाना किया जाना था, लेकिन रात 10 बजे तक उनके लिए बस की व्यवस्था नहीं हो सकी। इस दौरान खिलाड़ी भूखे-प्यासे परेशान होते रहे।
मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया। आनन-फानन में रात करीब 11 बजे खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई और उन्हें घर लौटने के लिए बस उपलब्ध कराई गई।
गौरतलब है कि सरगुजा ओलंपिक का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा था। ऐसे में खिलाड़ियों की परिवहन और भोजन जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं में हुई लापरवाही ने आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




