21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले 14 जून को होगा विशेष योग सत्र, मिस्ड कॉल देकर बनें भागीदार

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा देशभर में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” रखी गई है।
आयुष मंत्रालय ने अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से 14 जून 2026 को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस सत्र में शामिल होने के लिए इच्छुक लोगों को केवल टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देना होगा। मिस्ड कॉल देने के बाद व्हाट्सएप पर योग सत्र का वेब लिंक प्राप्त होगा, जिसके माध्यम से प्रतिभागी सीधे योगाभ्यास में शामिल हो सकेंगे।
आयुष मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। योगाभ्यास करने वाले प्रतिभागी योग संगम पोर्टल पर अपनी उपस्थिति और फोटो अपलोड कर प्रमाण-पत्र भी प्राप्त कर सकते हैं।
योग संगम पोर्टल:yoga.ayush.gov.in
उल्लेखनीय है कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है। राज्यवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाने में अपनी सहभागिता निभाएं।




