रायपुर में ब्लिंकिट का वेयरहाउस सील, पार्किंग और फायर सेफ्टी में मिली बड़ी खामियां

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ग्रोसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट (Blinkit) के समता कॉलोनी स्थित डार्क स्टोर (वेयरहाउस) पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
नगर निगम की ज़ोन-7 टीम ने प्रगति कॉलेज के पास स्थित ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भवन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक कर्मचारियों और डिलीवरी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा अग्निशमन सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के आवश्यक मानकों का भी पालन नहीं किया गया था।
जांच में यह भी पाया गया कि व्यावसायिक भवन आवश्यक पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) के बिना संचालित किया जा रहा था। इन गंभीर नियम उल्लंघनों को देखते हुए नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डार्क स्टोर को सील कर दिया।
नगर निगम का कहना है कि शहर में संचालित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भवन निर्माण, पार्किंग और फायर सेफ्टी सहित सभी नियामकीय मानकों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




