Canoe Sprint Championship2026: नया रायपुर में 36वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप का भव्य आगाज़, 24 राज्यों के 800 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

सेंध लेक में तीन दिनों तक चलेगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
रायपुर। नया रायपुर स्थित सेंध लेक में 12 से 14 जून तक आयोजित 36वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट जूनियर पुरुष एवं महिला तथा सब-जूनियर बालक एवं बालिका चैंपियनशिप-2026 का आज भव्य उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ तथा छत्तीसगढ़ कायाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विक्रम सिंह सिसोदिया, महासचिव, छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन ने गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
अपने स्वागत उद्बोधन में श्री सिसोदिया ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति नई प्रेरणा मिलेगी तथा अनेक नए खिलाड़ी इस खेल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
प्रतियोगिता में देशभर के 24 राज्यों से 800 से अधिक खिलाड़ी एवं अधिकारी भाग ले रहे हैं। पहले दिन विभिन्न स्पर्धाओं के मुकाबले देर शाम तक जारी रहे।
उद्घाटन समारोह में संघ के संयुक्त सचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी, दत्ता पाटिल (महासचिव, महाराष्ट्र कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन), प्रतियोगिता निदेशक अनिल राठी, रूपेंद्र सिंह चौहान, अखिलेश दुबे, सुमित तिवारी, अशोक दुबे तथा राकेश ठाकुर सहित अनेक खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों में कुल 125 इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से नया रायपुर में खेलों का उत्साह चरम पर है।




