
रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना में सूरजपुर जिले में पदस्थ एक नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। रायपुर निवासी एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार युवती और आरोपी अधिकारी की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद नजदीकियां बढ़ीं। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि दिवाकर भास्कर ने उससे शादी का वादा किया था। इसी भरोसे पर उसे रायपुर के एक होटल में बुलाया गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में जब उसने शादी की बात की, तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसे धोखे का एहसास हुआ और उसने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह पुलिस की पहुंच से बाहर बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार उन्होंने 6 जून से मेडिकल अवकाश ले रखा है और तब से कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हुए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




