
रायपुर – छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से चर्चा में उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है और 10 दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा।”
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि “राम को काल्पनिक मानने वाले राहुल गांधी अब राम के मामा गांव आ रहे हैं, उनका स्वागत है।” उन्होंने राहुल गांधी पर अनर्गल बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे “भारत मां के सपूत नहीं हैं।”
भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में “लेन-देन का चलन है और कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त रही है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “क्या राहुल गांधी आलू से सोना निकालकर छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाएंगे?”
पुरंदर मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को भ्रष्टाचार में महारत हासिल है और जनता अब उसके तौर-तरीकों को अच्छी तरह समझ चुकी है।
अभद्रता की सारी हदें पार कर दी – सुशील आंनद शुक्ला
कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा की ओर से दिए गए विवादित बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के प्रदेश संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा विधायक ने इस तरह की टिप्पणी कर अभद्रता की सारी हदें पार कर दी हैं।सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पुरंदर मिश्रा पेशे से वकील हैं, लेकिन उनका बयान सुनकर ऐसा नहीं लगता कि उनकी डिग्री असली है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए।कांग्रेस नेता ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने विधायक को बोलने की तमीज सिखाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की भाषा लगातार गिरती जा रही है और राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत टिप्पणियां की जा रही हैं।शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी देश के प्रमुख विपक्षी नेता हैं और उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।




