
जिला अध्यक्षों की क्लास में राहुल गांधी ने चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क पर दिए खास टिप्स, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
रायपुर/अभनपुर। कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के नवनियुक्त जिला और शहर अध्यक्षों को जीत का मंत्र दिया। अभनपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना होगा। उन्होंने आगामी नगरीय निकाय, पंचायत और 2028 विधानसभा चुनावों को लेकर भी रणनीतिक चर्चा की।
शिविर में कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मोहम्मद अकबर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी के संबोधन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि 20 जून से शुरू हुआ यह आवासीय प्रशिक्षण शिविर 29 जून तक चलेगा। शिविर में हाल ही में नियुक्त 41 जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर के पहले दिन राहुल गांधी नवनियुक्त जिला एवं शहर अध्यक्षों से वन-टू-वन संवाद किया। इसके पहले उनके आगमन को लेकर रायपुर एयरपोर्ट से लेकर अभनपुर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया।
कांग्रेस का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव और 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। पार्टी संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।




