सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा रवाना, मुख्यमंत्री साय ने दिखाई विशेष ट्रेन को हरी झंडी

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां, कलाकार और साहित्यकार शामिल हुए हैं। श्रद्धालु अपने साथ प्रदेश के विभिन्न शिवालयों की पावन माटी और नदियों का जल लेकर सोमनाथ मंदिर में अर्पित करेंगे।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई बार मंदिर को तोड़ा गया, लेकिन हर बार उसका पुनर्निर्माण हुआ, जो देशवासियों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान को याद करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




