
रायपुर। चर्चित नव्या मलिक MDMA ड्रग केस की जांच अब विशेष जांच दल (SIT) को सौंप दी गई है। रायपुर पुलिस कमिश्नर ने इस मामले की गहन जांच के लिए एक ACP, दो इंस्पेक्टर सहित कुल पांच सदस्यीय SIT का गठन किया है।
SIT मामले से जुड़े ड्रग सिंडिकेट की पूरी सप्लाई चेन की जांच करेगी। इसके तहत ड्रग खरीदने वालों, सप्लायर, रिसीवर और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी। रायपुर, मुंबई समेत दूसरे राज्यों तक फैले संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जाएगी।जांच के दौरान मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की दोबारा जांच की जाएगी। हाईप्रोफाइल पार्टियों, क्लबों और टेक्नो पार्टी कनेक्शन को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रभावशाली लोगों के संभावित संरक्षण और आर्थिक लेन-देन की भी जांच SIT करेगी। वहीं, इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मनी ट्रेल और अवैध कमाई के पहलुओं की जांच कर रहा है।
गौरतलब है कि नव्या मलिक को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। उस पर हाईप्रोफाइल पार्टियों में MDMA सहित अन्य ड्रग्स की सप्लाई करने का आरोप है। अब SIT के गठन के बाद जांच का दायरा और व्यापक होने की संभावना है।




