Chhattisgarh Weather: लगातार दूसरे दिन भी छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, कई जिलों में रेड अलर्ट; रायपुर सहित निचली बस्तियों में भरा पानी

रायपुर, 6 जुलाई। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत कई शहरों की निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक कई क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
रेड अलर्ट रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर सहित 8 जिलों के लिए जारी किया गया है। वहीं मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद में भी अगले कुछ घंटों तक खराब मौसम रहने की संभावना जताई गई है।ऑरेंज अलर्ट अंबिकापुर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव समेत 14 जिलों में जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
येलो अलर्ट बस्तर संभाग के नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के लिए जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।




