छत्तीसगढ़

CM साय का दिल्ली दौरा: 3 केंद्रीय मंत्रियों से मुलाक़ात, बस्तर में मोबाइल टावर, बिजली और सड़क परियोजनाओं को लेकर मांगा सहयोग

नई दिल्ली/रायपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात कर बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, जनजातीय और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने डिजिटल कनेक्टिविटी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र से सहयोग और विशेष वित्तीय सहायता का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर डिजिटल भारत निधि (DBN) योजना के तहत प्रदेश में 2,305 नए मोबाइल टावरों को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मजबूत मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सुशासन की सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने 577 अतिरिक्त मोबाइल टावरों की स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार का आभार जताते हुए बताया कि इनमें से 489 स्थानों पर बीएसएनएल को भूमि संबंधी एनओसी जारी की जा चुकी है और शेष 88 स्थानों पर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात कर धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत बस्तर संभाग के सात जिलों के 461 पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों तक ग्रिड बिजली पहुंचाने के लिए 435 करोड़ रुपये की विशेष केंद्रीय सहायता का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 973 करोड़ रुपये की इस परियोजना से वर्षों से बिजली से वंचित गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और छोटे उद्योगों को नई गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) में बस्तर के लिए विशेष प्रावधान करने की मांग रखी। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की तर्ज पर 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने का प्रस्ताव दिया, ताकि दुर्गम और छोटे गांव भी सड़क संपर्क से जुड़ सकें।

श्री चौहान ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया और छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर अब शांति, विकास और नई संभावनाओं की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सड़क, बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search