
रायपुर – राजधानी में भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर सवाल उठाते हुए कहा कि 52 साल तक आरएसएस कार्यालय में तिरंगा झंडा नहीं फहराया गया, लेकिन आज छत्तीसगढ़ में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है।
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसके विपरीत काम करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी ने कहा था कि देश नहीं बिकने दूंगा, लेकिन आज देश बिक रहा है। उन्होंने इसे ‘छद्म राष्ट्रवाद’ करार दिया।
पूर्व सीएम ने तंज कसते हुए कहा, “राम नाम जपना, पराया माल अपना… अब तो राम का माल भी नहीं छोड़ रहे हैं।”कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेराप्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का हाल बेहाल है और एक सप्ताह में छह-छह हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने एक युवती के साथ दो बार गैंगरेप की घटना का भी जिक्र किया।
बघेल ने गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि “गृह मंत्री का ध्यान पंचायत की ओर है।” उन्होंने गांवों में टैक्स लेने के कथित फरमान को लेकर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने एक हजार रुपये दिए और अब उसके बदले वसूली शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने स्वामी आत्मानंद स्कूलों में फीस लिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इन स्कूलों में भी फीस देना पड़ रहा है।




