छत्तीसगढ़देश

बस्तर की जनता जैसा विकास चाहेगी, वैसा ही होगा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर के विकास की दिशा वहां की जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप ही तय होगी। बस्तर की जनता को किसी भी प्रकार के भ्रम में रहने की आवश्यकता नहीं है। सरकार कृषि, पर्यटन, पशुपालन सहित स्थानीय संभावनाओं के अनुरूप आजीविका और विकास के अवसरों को आगे बढ़ा रही है। बस्तर के लोग जैसा विकास चाहेंगे, सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री साय ने एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में बस्तर के विकास, नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से अपनी बात रखी।बस्तर के विकास से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद के कारण बस्तर विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा। अब नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक मुकाम पर पहुंच रही है और क्षेत्र में शांति एवं विकास का नया वातावरण बन रहा है। ऐसे समय में कुछ लोग यह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं कि नक्सलवाद समाप्त करने के पीछे सरकार का उद्देश्य बड़े उद्योगों के लिए रास्ता तैयार करना है। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से खारिज करते हुए कहा कि बस्तर का भविष्य वहां की जनता की आकांक्षाओं और इच्छाओं के अनुरूप ही तय होगा।

उन्होंने कहा कि जो लोग नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में कभी साथ नहीं खड़े हुए अथवा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से उसका समर्थन करते रहे, वे अब नए नैरेटिव के माध्यम से लोगों में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। बस्तर की जनता जागरूक है और ऐसे भ्रामक प्रयासों को भली-भांति समझती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बस्तर की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संभावनाओं को आगे बढ़ाकर वहां के लोगों के जीवन में समृद्धि लाने के लिए काम कर रही है। कृषि को सशक्त करने, पशुपालन को बढ़ावा देने और पर्यटन की संभावनाओं को अवसरों में बदलने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शांति स्थापित होने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंच रहा है और स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

बहनों का ‘भैया’ कहना मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्यप्रदेश की बहनों द्वारा उन्हें ‘विष्णु भैया’ कहकर पुकारे जाने को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बहनें उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानती हैं। इससे बड़ा सौभाग्य उनके लिए और क्या हो सकता है। बहनों से मिलने वाला स्नेह और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि एक भाई के नाते प्रदेश की बहनों की सेवा, सुरक्षा और उनके जीवन में खुशहाली लाना उनका संकल्प है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए निरंतर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। सरकार की प्रत्येक नीति और निर्णय के केंद्र में छत्तीसगढ़ की जनता का हित है। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास से लेकर माताओं-बहनों के सशक्तीकरण तक सरकार का संकल्प स्पष्ट है – विकास ऐसा हो, जिसमें जनता की भागीदारी हो, स्थानीय आकांक्षाओं का सम्मान हो और उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search