
बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में देर रात एक होटल के बाहर उस समय हंगामा मच गया, जब बार में शराब पीने के बाद बिल को लेकर एक युवती और होटल प्रबंधन के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद होटल के बाउंसरों ने युवती को बाहर निकाल दिया। इसके बाद होटल के बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
होटल के बाहर काफी देर तक चला विवाद
बताया जा रहा है कि युवती देर रात बिलासपुर के हैवन्स पार्क होटल के बार में गई थी। शराब पीने के बाद बिल को लेकर युवती और होटल प्रबंधन के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, जिसके बाद बाउंसरों ने युवती को होटल से बाहर कर दिया।
होटल से बाहर आने के बाद युवती ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें होटल के बाहर विवाद और हंगामे का दृश्य दिखाई दे रहा है।
पुलिस की मौजूदगी में भी जारी रहा हंगामा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में भी कुछ देर तक विवाद चलता रहा। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराने की कोशिश की।बाद में युवती अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से चली गई।
विवाद की असली वजह की जांच कर रही पुलिस:फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद बिल को लेकर शुरू हुआ था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी। होटल प्रबंधन और युवती की ओर से मामले में क्या शिकायत या कार्रवाई की गई है, इसकी भी जानकारी सामने आना बाकी है।
देर रात होटल और बार के बाहर हुए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।




