रायपुर: बहुचर्चित कोल घोटाला मामले में 3 अक्टूबर को फाइनल चार्जशीट! करीब 35 आरोपियों के खिलाफ दाखिल होगी EOW की चार्जशीट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) अब जांच को अंतिम चरण में पहुंचाते हुए 3 अक्टूबर को विशेष कोर्ट में फाइनल चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है। चार्जशीट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, मामले में करीब 35 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की जाएगी। वहीं, अग्रिम जमानत हासिल कर चुके आरोपियों से भी EOW की पूछताछ तेज हो गई है।
देवेंद्र यादव से करीब 2 घंटे पूछताछ
इसी कड़ी में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव से भी EOW ने पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि EOW कार्यालय में उनसे करीब 2 घंटे तक पूछताछ की गई। जांच एजेंसी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं और आरोपियों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटा रही है।
EOW के साथ ED भी कर रही जांच
कोल घोटाला मामले की जांच EOW के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है। EOW की ओर से अब अंतिम चार्जशीट पेश किए जाने की तैयारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेज होने की संभावना है।
फिलहाल EOW चार्जशीट को अंतिम रूप देने में जुटी है और 3 अक्टूबर को विशेष अदालत में इसे पेश किया जाना प्रस्तावित है।




