छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, 2 गाड़ियों का बदलेगा रूट; जानें पूरी डिटेल

रायपुर। रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक नवीनीकरण कार्य के चलते मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह कार्य 24 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के बीच निर्धारित दिनों में किया जाएगा। इसके चलते कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा।
रेलवे के मुताबिक, इस अवधि में 6 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है, जबकि 2 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
18109/18110 टाटानगर-एनएससीबी इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस निर्धारित तारीखों पर रद्द रहेगी। नवंबर में 24 और 27, दिसंबर में 1, 4, 8, 11, 15, 18, 22, 25 और 29 तथा जनवरी 2027 में 1, 5, 8, 12 और 15 तारीख को इसका परिचालन प्रभावित रहेगा।
12767 नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस नवंबर में 23 और 30, दिसंबर में 7, 14, 21 और 28 तथा जनवरी 2027 में 4 और 11 तारीख को रद्द रहेगी।12768 सांतरागाछी-नांदेड़ एक्सप्रेस नवंबर में 25, दिसंबर में 2, 9, 16, 23 और 30 तथा जनवरी में 6 और 13 तारीख को रद्द रहेगी।
20822 सांतरागाछी-पुणे हमसफर एक्सप्रेस नवंबर में 21 और 28, दिसंबर में 5, 12, 19 और 26 तथा जनवरी 2027 में 2 और 9 तारीख को रद्द रहेगी।
वहीं इसकी वापसी सेवा 20821 पुणे-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस नवंबर में 23 और 30, दिसंबर में 7, 14, 21 और 28 तथा जनवरी में 4 और 11 तारीख को रद्द रहेगी।
दो ट्रेनों का बदलेगा रूट
मेगा ब्लॉक के चलते दो ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित रूट से चलाया जाएगा।
18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस निर्धारित तारीखों पर ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक के रास्ते पुरी जाएगी। यह बदलाव नवंबर में 23 और 30, दिसंबर में 7, 14, 21 और 28 तथा जनवरी 2027 में 4 और 11 तारीख को रहेगा।
इसी तरह 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस नवंबर में 26, दिसंबर में 3, 10, 17, 24 और 31 तथा जनवरी 2027 में 7 और 14 तारीख को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन कांद्रा-सीनी के रास्ते दुर्ग पहुंचेगी और टाटानगर-गम्हरिया के बीच का निर्धारित मार्ग छोड़ देगी।
रेलवे के इस बदलाव से इन तारीखों पर यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति पहले से जांचने की सलाह दी जाती है।




