
कोरबा। छत्तीसगढ़ में नई रेल लाइन बिछाने के लिए रखी गई रेलवे पटरियों पर कबाड़ चोर गिरोह की नजर है। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के बाद अब जटगा चौकी इलाके में बड़ी मात्रा में कटी हुई रेलवे पटरियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने एक किराए के मकान में दबिश देकर करीब 6.5 टन वजनी 36 नग रेलवे पटरी जब्त की है। मौके से गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और एक वाहन भी बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
किराए के मकान में छिपाकर रखी गई थीं रेलवे पटरियां
मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। यहां आखिर लाल नामक व्यक्ति के पक्के मकान को राजू कुमार नाम के युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन बिछाने का काम कर रही एक निजी कंपनी में कार्यरत था।पुलिस ने मकान में दबिश देकर 6,480 किलोग्राम वजनी 36 नग कटी हुई रेलवे पटरियां बरामद कीं। इसके अलावा 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर, अन्य औजार और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है।


पुलिस की दबिश के दौरान फरार हुआ संदिग्ध
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही राजू कुमार के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही रेलवे पटरियों की चोरी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।कबाड़ गिरोह से जुड़े होने की आशंकाजिस तरह बड़ी मात्रा में रेलवे पटरियां काटकर एक मकान में रखी गई थीं, उससे चोरी के माल को कबाड़ के रूप में खपाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं जिले के सीमावर्ती इलाकों में रेलवे का चोरी हुआ सामान खपाने वाला कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
रेलवे और निर्माण कंपनी के अधिकारियों को बुलाया
जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि मौके से रेलवे का सामान बरामद किया गया है। संबंधित रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई है। साथ ही रेल लाइन निर्माण में लगी कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि जब्त सामग्री के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मुताबिक, बरबसपुर गांव में कार्रवाई के दौरान करीब 6.5 टन रेलवे पटरी और उसे काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




