रायपुर पहुंचे रवि किशन का राहुल गांधी पर हमला, बोले- ‘अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं’

कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन पर साधा निशाना, EVM और वोट चोरी के आरोपों पर भी उठाए सवाल; बिलासपुर के गरबा महोत्सव में होंगे शामिल
रायपुर। भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन मंगलवार सुबह रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में हरा नहीं पाने के कारण कांग्रेस अब लोगों को परेशान करने और मारपीट पर उतारू हो गई है।
‘भारत को फिर पीछे ले जाना चाहती है कांग्रेस’
रवि किशन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब वह भारत को फिर से पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
संसद की कार्यवाही बाधित करने का लगाया आरोप
भाजपा सांसद ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही नहीं चलने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन के कारण आम लोगों को नौकरी और जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क जाम करने को आंदोलन का उचित तरीका नहीं बताया।
EVM और वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
चुनाव में EVM और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाते हुए रवि किशन ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब EVM और वोट चोरी को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाती? उन्होंने कांग्रेस से विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के लिए अपना रोडमैप स्पष्ट करने की बात कही।
‘दंगे नहीं, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए’
रवि किशन ने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की बात करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए। उन्होंने प्रदर्शन के तरीकों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क जाम करने से आम लोगों को परेशानी होती है। बता दें कि रवि किशन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होने पहुंचे हैं। रायपुर एयरपोर्ट से वह सीधे बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।




