
सिविल लाइन इलाके में सुबह-सुबह मचा हड़कंप, 112 एंबुलेंस के शीशे टूटे
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री आवास के सामने एक व्यक्ति ने जमकर हंगामा किया। गाड़ियों के शीशे तोड़े जाने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने व्यक्ति को काबू में करने का प्रयास किया, जिसके बाद पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मुख्यमंत्री आवास के सामने मचाया उत्पात
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री आवास के मुख्य गेट के पास हुई। एक व्यक्ति ने वहां उत्पात मचाते हुए वाहनों के शीशे तोड़ दिए। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान व्यक्ति और सुरक्षा कर्मियों के बीच झूमाझटकी भी हुई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की चर्चा भी सामने आई। हालांकि, सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवांगन के मुताबिक, मौके पर गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।पुलिस के अनुसार, घटना में 112 एंबुलेंस के शीशे टूटने की जानकारी मिली है। गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। हालांकि, उसकी स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




