मंत्री टंक राम वर्मा के नवा रायपुर निवास में ‘हरेली अऊ गृह प्रवेश’ का भव्य आयोजन, CM विष्णुदेव साय समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू और लोक-परंपरा के प्रतीक पर्व हरेली के अवसर पर नवा रायपुर में ‘हरेली अऊ गृह प्रवेश’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित शासन और संगठन का शीर्ष नेतृत्व शामिल होगा।
कार्यक्रम बुधवार 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित एम-12 आवास परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता का संगम देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी।
हरेली पर होगी कृषि औजारों की पूजा
छत्तीसगढ़ में हरेली पर्व का धार्मिक, सांस्कृतिक और कृषि की दृष्टि से विशेष महत्व है। इस दिन किसान अपने हल-नागर और कृषि उपकरणों की पूजा करते हैं तथा अच्छी फसल और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
गृह प्रवेश और हरेली के इस दोहरे शुभ अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रदेशवासियों और शुभचिंतकों को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में ‘नेवता’ दिया है। उन्होंने सभी से इस आयोजन में शामिल होकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पकवानों और लोक-संस्कृति के उल्लास में सहभागी बनने का आग्रह किया है।



