रायपुर में 101 फीट के रावण का होगा दहन, WRS दशहरा मैदान में जुटेंगे 5 लाख लोग!

रायपुर। राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में विजयादशमी पर भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा, साथ ही भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन में करीब 5 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
आयोजन को लेकर रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्सव को भव्य बनाने के साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पार्किंग, यातायात और सुरक्षा पर विशेष जोर
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, यातायात नियंत्रण, पेयजल, चिकित्सा सहायता और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर जोर दिया जा रहा है। भीड़ प्रबंधन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के समन्वय को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
रावण दहन और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने की नागरिकों से अपील
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि दशहरा सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें मर्यादा, न्याय, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देते हैं।उन्होंने नागरिकों से परिवार सहित दशहरा उत्सव में शामिल होने की अपील की। साथ ही लोगों से प्रशासन और आयोजन समिति के निर्देशों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और रावण दहन व आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखने का आग्रह किया।



