सुकमा में CRPF के SI ने सर्विस हथियार से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में CRPF के एक उपनिरीक्षक की सर्विस हथियार से गोली लगने के बाद मौत हो गई। घटना 13 अक्टूबर की मध्यरात्रि की है। मृतक की पहचान देवानंद यादव के रूप में हुई है, जो CRPF की 131वीं वाहिनी के मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे से 12:30 बजे के बीच उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने अज्ञात कारणों से अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद कैंप में मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों ने उन्हें तत्काल फील्ड एंबुलेंस से इल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पार्थिव शरीर का नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे उनके गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।




