छत्तीसगढ़
धान खरीदी में गड़बड़ी मिली तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा: डिप्टी CM विजय शर्मा

कवर्धा/लोहारा। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अधिकारी-कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोहारा में नवीन एसडीएम कार्यालय भवन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को किसानों के प्रति जिम्मेदारी से काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी किसानों का काम बेहतर तरीके से करें और उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों का काम करना किसी पर एहसान करना नहीं है। यह अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी दिन धान खरीदी में गड़बड़ी मिली, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने की जरूरत है। डिप्टी सीएम की इस सख्त नसीहत को धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश के रूप में देखा जा रहा है।



