छत्तीसगढ़ के IPS अधिकारियों और जवानों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, नक्सल ऑपरेशन में उत्कृष्ट भूमिका के लिए सम्मान

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए जारी सूची में छत्तीसगढ़ के कई पुलिस अधिकारियों और जवानों के नाम शामिल हैं। नक्सलियों के खिलाफ विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को इस पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
जारी सूची के अनुसार, नारायणपुर के पूर्व एसपी रहे IPS रॉबिनशन गुड़िया को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है। इसके अलावा, नक्सल ऑपरेशन में एएसपी रहे IPS अक्षय साबाड्रा और IPS अजय कुमार को भी इस सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
छत्तीसगढ़ पुलिस के एएसपी सुशील कुमार नायक समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों और जवानों को भी पदक देने की घोषणा की गई है।
वहीं, CRPF की कोबरा बटालियन के कमांडेंट रहे दीपक भाटी समेत कई अन्य अधिकारियों और जवानों को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अभियानों को अंजाम देने और नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में अहम योगदान देने वाले अधिकारियों एवं जवानों के कार्यों को इस सम्मान के जरिए मान्यता दी गई है।




