कोरबा में विपिन यादव बने कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के जिला उप संयोजक, 20 साल के अनुभव को मिली जिम्मेदारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला कोरबा में विपिन यादव को जिला उप संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षक एवं कर्मचारी हितों के लिए पिछले 20 वर्षों से सक्रिय विपिन यादव का चयन 45 जिला अध्यक्षों, जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रदेश से आए प्रांतीय पर्यवेक्षकों की सर्वसम्मति से किया गया।
विपिन यादव लंबे समय से कर्मचारियों की समस्याओं को उठाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत रहे हैं। कर्मचारी हितों के प्रति उनकी सक्रियता, अनुभव और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कर्मचारी हितों की रक्षा रहेगी प्राथमिकता
जिला उप संयोजक के रूप में विपिन यादव जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने, उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और जायज मांगों के निराकरण के लिए प्रयास करेंगे। उनकी नियुक्ति से जिले में कर्मचारी-अधिकारी संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिम्मेदारी मिलने पर विपिन यादव ने वरिष्ठ पदाधिकारियों, 45 जिला अध्यक्षों, प्रांतीय पर्यवेक्षकों और सहयोगी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। कर्मचारी-अधिकारी हितों की रक्षा, समस्याओं का समाधान और संगठन की एकता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयासों में निहित है। सभी कर्मचारी-अधिकारी साथियों को साथ लेकर उनके हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
शिक्षक संघों के पदाधिकारियों ने दी बधाई:विपिन यादव को जिला उप संयोजक बनाए जाने पर जिले के शिक्षक जय कुमार राठौर, विनय शुक्ला, डॉ. अजय प्रताप सिंह सहित विभिन्न शिक्षक संघों और विभागीय कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



