छत्तीसगढ़खेल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की पहली जीत, राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराया

शाहरुख और आशीष पूर्ति ने दागे दो-दो गोल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मैच देखने पहुंचे

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हरा दिया। शमशेर की कप्तानी वाली स्ट्राइकर्स टीम की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है। मुकाबले में शाहरुख और आशीष तानी पूर्ति ने दो-दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रोशन और ललित ने एक-एक गोल किया। मैच देखने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी स्टेडियम पहुंचे।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम था। इससे पहले दोनों को जीत नहीं मिली थी और टूर्नामेंट में आगे बने रहने के लिए जीत जरूरी थी। ऐसे में शुरुआती मिनटों में दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर दबाव नजर आया। पहले क्वार्टर में दोनों ने संभलकर खेलते हुए गेंद पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश की। हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाया और आशीष तानी पूर्ति ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी।

हाफ टाइम से ठीक पहले राजधानी रॉयल्स ने वापसी की। रोशन ने सर्कल के भीतर जगह बनाते हुए रिवर्स हिट से शानदार गोल किया और स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल के साथ मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया।

शाहरुख और आशीष के गोल से स्ट्राइकर्स ने बनाई निर्णायक बढ़त

दूसरे हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने आक्रामक खेल दिखाया। शाहरुख ने सर्कल के भीतर से रिवर्स फ्लिक लगाकर गोल किया और टीम को फिर बढ़त दिलाई। इसके बाद आशीष तानी पूर्ति ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। इस गोल के साथ टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या नौ हो गई।

तीसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट में शाहरुख ने एक और गोल दागा। दाईं ओर से मिले शानदार पास को उन्होंने गोलपोस्ट तक पहुंचाकर टीम की बढ़त मजबूत कर दी। इसके बाद राजधानी रॉयल्स की ओर से ललित ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल कर अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन तब तक संस्कारधानी स्ट्राइकर्स मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर चुकी थी। अंत में स्ट्राइकर्स ने 4-2 से जीत दर्ज की।

मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए शाहरुख को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।

न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में पहुंची

दिन के पहले मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच मैच 4-4 से ड्रॉ रहा। इस परिणाम के बाद अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहने के कारण न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। सुरेंद्र सिंह की कप्तानी वाली नाइट्स के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण था।

चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए। वहीं, न्यायधानी नाइट्स की ओर से केतन ने प्रभावशाली खेल दिखाया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में स्कोर 4-4 पर बराबर रहा।

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और राजधानी रॉयल्स के मैच को देखने के लिए छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ चंदन कुमार, शारदा ग्रुप के चेयरमैन (वित्त) योगेंद्र शुक्ला, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आदर्श श्रीवास्तव, गोयल ग्रुप के मार्केटिंग हेड चंद्रशेखर और छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के महासचिव ओपी शर्मा भी मौजूद रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search