
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। दोनों के बीच जेल के भीतर करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई।
मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं। सरकार ने उन्हें गलत तरीके से जेल में बंद कर रखा है।
शराब घोटाले में मिल चुकी है जमानत
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल को 5 नवंबर को बिलासपुर हाईकोर्ट से शराब घोटाला मामले में जमानत मिल चुकी है। हालांकि, कोल घोटाले और अन्य मामलों में आरोपी होने के चलते उनकी जेल से रिहाई नहीं हो सकी है। अन्य मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी रहने के कारण वे फिलहाल जेल में ही रहेंगे।
मुलाकात के बाद दिल्ली रवाना हुए भूपेश
रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस मुलाकात को प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक और कानूनी परिस्थितियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



