छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों पर गठित होंगे ‘किसान मितान’, BJP किसान मोर्चा ने बनाया नया प्लान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा है कि भाजपा किसान मोर्चा संगठन के विस्तार और किसानों तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों पर ‘किसान मितान’ का गठन किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसान मितान भाजपा का नया कांसेप्ट है, जिसके माध्यम से किसानों से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसानों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाना और सरकार की योजनाओं की जानकारी उन तक पहुंचाना है।
गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की धान खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का धान अच्छे दाम पर खरीद रही है। भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हितों और संगठन के विस्तार को लेकर लगातार सक्रिय है।
27 हजार बूथों पर किसान मितान का गठन भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



