
रायपुर। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया को रायपुर जिला बैडमिंटन संघ का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। संघ की बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष अवतार जुनेजा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर उपस्थित पदाधिकारियों ने सहमति जताई।
बैठक में भारतीय बैडमिंटन संघ के महासचिव संजय मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य बैडमिंटन संघ की सहसचिव कविता दीक्षित, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली सहित जिला बैडमिंटन संघ के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने विक्रम सिंह सिसोदिया को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में रायपुर जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बैडमिंटन खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य होंगे।



