PM मोदी के बस्तर दौरे पर CM विष्णुदेव साय ने किया स्वागत, बोले- शांति और विकास के नए उजाले की ओर बढ़ रहा बस्तर

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीपावली के अवसर पर बस्तर पहुंचने और सुरक्षाबलों के जवानों के साथ त्योहार मनाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की पावन धरा पर प्रधानमंत्री का आगमन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव सदैव प्रेरणादायी रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर भय और हिंसा के अंधकार से निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए उजाले की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री की वीर जवानों के बीच उपस्थिति उनके अदम्य साहस, त्याग और समर्पण का सम्मान है। इससे सुरक्षाबलों का मनोबल भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को निरंतर मिलता रहे।




