छत्तीसगढ़ में पटवारियों के बाद अब तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी करेंगे हड़ताल, 13 नवंबर को सामूहिक अवकाश का ऐलान

15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से ठीक पहले प्रशासनिक व्यवस्था पर बढ़ सकता है दबाव
पीवी ऐप, एग्रीस्टेक और किसान पंजीयन की समस्याओं को लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने लिया फैसला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच अब तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने भी आंदोलन का ऐलान कर दिया है। कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 13 नवंबर को सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। इससे प्रदेश में राजस्व विभाग का कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।
मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार और नायब तहसीलदार पीवी ऐप, एग्रीस्टेक और किसान पंजीयन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। संघ ने इन समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए सामूहिक अवकाश का निर्णय लिया है।

धान खरीदी से पहले सरकार की बढ़ सकती है चिंता
प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होनी है। ऐसे समय में पटवारियों के पहले से हड़ताल पर रहने और अब तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों के भी आंदोलन में शामिल होने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो सकता है।
गौरतलब है कि पटवारियों की हड़ताल के चलते तहसीलदार और नायब तहसीलदार ही कई जरूरी राजस्व कार्यों को संभाल रहे थे। अब उनके भी सामूहिक अवकाश पर जाने से किसान पंजीयन, राजस्व प्रकरणों और धान खरीदी से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
किसानों और आम लोगों की बढ़ सकती है परेशानी
पटवारी और तहसील स्तर के अधिकारियों के आंदोलन से किसानों को जमीन संबंधी दस्तावेज, सत्यापन, पंजीयन और अन्य राजस्व कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब देखना होगा कि 13 नवंबर से पहले सरकार और कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बीच कोई सहमति बनती है या नहीं।




