छत्तीसगढ़

शराब तस्कर को छोड़ने के मामले में 6 पुलिसकर्मी निलंबित, 1.50 लाख रुपए के लेन-देन का आरोप

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब तस्करी के आरोपी को कथित तौर पर अवैध रकम लेकर छोड़ने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने सारागांव थाने में पदस्थ एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक और एक प्रधान आरक्षक सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को शराब के आरोपियों को 1 लाख 50 हजार रुपए लेकर छोड़ने का मामला सामने आया था। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से कराई। जांच में सामने आया कि 4 नवंबर को आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के आरोपी गोपाल गोंड से सारागांव थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा रकम का लेन-देन किया गया था। प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की।

इन 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े, आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन और गोवर्धन टाइगर शामिल हैं। निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

10 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया था आरोपी

मामले के अनुसार, 4 नवंबर को प्रशिक्षु एसआई पुष्पेंद्र साहू ने आबकारी एक्ट के आरोपी गोपाल गोंड को बम्हनीडीह के रोहदा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पकड़ा था। आरोपी के पास से 10 लीटर महुआ शराब होने की बात सामने आई थी। वह गोविंदा बम्हनीडीह से रोहदा की ओर जा रहा था।

आरोपी के अनुसार, पुलिस ने बड़ी धारा लगाकर जेल भेजने का डर दिखाया और उससे 1 लाख 50 हजार रुपए लेकर आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की। जबकि मामले में नियमानुसार धारा 34(2) के तहत कार्रवाई होनी थी।

सारागांव थाने में नए पुलिसकर्मियों की पदस्थापना

छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद एसपी ने रक्षित केंद्र से छह अन्य कर्मचारियों की सारागांव थाने में पदस्थापना की है। इनमें प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी और आरक्षक पदुम कश्यप, राजेंद्र साहू, धर्मेंद्र बंजारे तथा राजेंद्र राठौर शामिल हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search