छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र

मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे तक यह सिस्टम इसी क्षेत्र में बना हुआ था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।अगले 12 घंटों के दौरान इसके और स्पष्ट रूप से चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसके अवदाब में बदलने और अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल तथा उससे लगे बांग्लादेश तट की ओर जाने की संभावना जताई गई है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले चार दिनों तक इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 13 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश: पिछले 24 घंटों के दौरान ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं रघुनाथनगर, चलगली और कुसमी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा तमनार और चांदो में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि अजगरबहार, मोहला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।साल्हेवारा, बिहारपुर, रतनपुर, सामरी, खरसिया, कोरबा, जनकपुर-भरतपुर, मैनपाट, दरी और घरघोड़ा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।

वहीं छाल, कोटाडोल, बलरामपुर, खड़गांव, रायगढ़, मरवाही, राजपुर, धमधा, छुरिया, मनोरा, डौंडीलोहारा और डोंगरगढ़ में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

अगले चार दिन सक्रिय रहेगा मानसून

उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और इसके संभावित रूप से मजबूत होने के प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रह सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश और अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की सलाहभारी बारिश और वज्रपात की संभावना वाले क्षेत्रों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील भी की गई है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search