6 दिन बाद वन विभाग को मिली सफलता: बेहोश हुआ उत्पाती कबरा हाथी, रेस्क्यू अभियान में बड़ी कामयाबी

अंबिकापुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले 6 महीने से दहशत का पर्याय बने आदमखोर कबरा हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज कर लिया है। बुधवार सुबह रामगढ़ पहाड़ी के नीचे दो कुमकी हाथियों की मदद से विशेषज्ञों ने कबरा को बेहोश करने में सफलता हासिल की। यह हाथी पिछले 6 महीनों में 19 लोगों की जान ले चुका है। अब उसे रेडियो कॉलर लगाने के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लंबे समय से उसकी निगरानी कर रही थी। 17 हाथियों के झुंड में शामिल होने के कारण उसे ट्रैंकुलाइज करना काफी चुनौतीपूर्ण था। मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में पहुंचा। इसके बाद बुधवार सुबह वन विभाग की टीम दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंची।
कुमकी हाथियों की मदद से मिली सफलता
मौके पर मौजूद वन्यजीव चिकित्सक ने करीब पहुंचकर ट्रैंकुलाइजर गन से कबरा को डॉट मारा। कुछ देर बाद हाथी बेहोश हो गया। इससे पहले सोमवार को भी कुमकी हाथियों की मदद से उसे पकड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन निशाना चूकने के कारण टीम को सफलता नहीं मिल सकी थी। आखिरकार बुधवार को वन विभाग का अभियान सफल रहा।
रेडियो कॉलर लगाकर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी
कबरा के बेहोश होने के बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से बांधा। अब उसके गले में रेडियो कॉलर लगाने की प्रक्रिया की जा रही है। सीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रणय मिश्रा के मुताबिक, जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कबरा को रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी है।
छह महीने से सरगुजा और सूरजपुर के ग्रामीणों में भय का कारण बने कबरा हाथी के ट्रैंकुलाइज होने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि, अब उसे सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर तक पहुंचाना विभाग के सामने अगली बड़ी चुनौती है।
19 लोगों की ले चुका है जान
गौरतलब है कि कबरा हाथी ने उदयपुर और आसपास के गांवों में लंबे समय से आतंक मचा रखा था। उसके हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है। हाथी को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। आखिरकार 6 दिन बाद टीम को सफलता मिली है। कबरा हाथी के बेहोश होने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई है।




