BJYM राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी का छत्तीसगढ़ दौरा, युवाओं को लेकर दिया बड़ा बयान

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रविवार को रायपुर पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है। रायपुर एयरपोर्ट पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
युवाओं को वर्गीकरण में बांटना विपक्ष का एजेंडा : हेमांग जोशी
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान BJYM राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने युवाओं को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को आयु वर्ग के आधार पर वर्गीकृत करना विपक्ष का एजेंडा है। युवा शक्ति को किसी भी तरह के वर्गीकरण में बांटकर नहीं देखा जाना चाहिए।
हेमांग जोशी ने कहा कि देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। युवा भारत के विकास और राष्ट्रहित के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि देश का युवा भारतीय जनता पार्टी के साथ है।
प्रदेश कार्यसमिति के समापन समारोह में होंगे शामिल
अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान हेमांग जोशी मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। सोमवार को वे BJYM की प्रदेश कार्यसमिति के समापन समारोह में शामिल होंगे।
इस दौरान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने पर चर्चा होगी।




