कार्तिक पूर्णिमा पर भूपेश बघेल ने खारुन नदी में लगाई आस्था की डुबकी, हटकेश्वर महादेव के किए दर्शन

रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचे। यहां उन्होंने खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई। हर साल की परंपरा को निभाते हुए भूपेश बघेल ने इस बार भी गुलाटी मारकर नदी में स्नान किया। स्नान के बाद उन्होंने हटकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में लोग खारुन नदी में पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन नदी में स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है।
भूपेश बघेल ने स्नान के बाद नदी में दीपदान किया और हटकेश्वर महादेव को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। उनके महादेव घाट पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।
महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय पुन्नी मेला भी आयोजित किया जा रहा है। मेले को लेकर घाट पर धार्मिक उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है।




